मथुरा। शहर में डीजल से संचालित आटो और टेंपो के खिलाफ एआरटीओ के अभियान से खलबली मच गई। दो दर्जन आटो-टेंपो सीज किए गए। इसके अलावा पांच स्कूली मिनी बस और मारुति वैन भी सीज की गई। रोडवेज बस अड्डे के सामने से चल रही तीन डग्गामार बसों को सीज किया गया।
सोमवार को एआरटीओ (प्रवर्तन) मनोज मिश्रा और खेमचंद गौतम के निशाने पर डीजल से चल रहे आटो और टेंपो रहे। अलग-अलग मार्गों पर चल इन वाहनों को रोका गया। कागजात तो सही पाए गए, पर शहर में प्रतिबंधित डीजल से संचालित इन 24 टेंपो और आटो को सीज किया गया। यह थाना हाईवे, वृंदावन, अध्धा चौकी, गोविंदनगर में खड़े कराए गए हैं। एआरटीओ की कार्रवाई से आटो और टेंपो संचालकों में खलबली मची रही। इसके बाद बिना फिटनेस के सड़क पर दौड़ती हुई मिनी बस और बिना परमिट के तीन स्कूली मारुति वैन को सीज किया गया। नए बस अड्डे के सामने से सवारियां ढोहते हुए तीन डग्गामार बसें पकड़ी गई। इन बसों को सीज करके जैंत चौकी पर खड़ा कराया गया। एआरटीओ प्रवर्तन मनोज मिश्रा ने बताया कि यह कार्रवाई प्रतिदिन चलेगी।