मथुरा। वांछित अपराधियों को पकड़ो वरना थानेदारी छिन जाएगी। पुलिस कप्तान ने कहा कि 70 इनामी बदमाश फरार हैं लेकिन पुलिस इन्हें पकड़ नहीं पा रही है। क्राइम मीटिंग में पुलिस कप्तान ने सभी थानाध्यक्षों को फरार बदमाशों की गिरफ्तारी को कहा।
जिले के शेरगढ़, कोसीकलां, नौहझील, महावन एवं गोवर्धन थाना पुलिस पांच-पांच हजार रुपये के इनामियां को दबोच चुकी है। बावजूद इसके 70 इनामियां अपराधी अभी तक पुलिस की पकड़ से दूर हैं। क्राइम मीटिंग के बाद पत्रकारों से रूबरू होते हुए एसएसपी स्वप्निल ममगाई ने बताया कि 70 फरार इनामियां अपराधी जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे। पीड़ित की सुनवाई थाने में प्राथमिकता से होगी। निर्दोष को जेल नहीं भेजा जाएगा। शिकायत पर जांच करके ही मुकद्दमा दर्ज किया जाएगा।
इन थानों ने पकड़े इनामियां
शेरगढ़ दो, कोसीकलां एक, नौहझील चार, गोवर्धन एक, महावन एक
पुलिस-प्रशासन अफसरों ने सामंजस्य को बनाई रणनीति
मथुरा। डीएम अरविंद मलप्पा बंगारी एवं एसएसपी स्वप्निल ममगाई ने पुलिस और प्रशासनिक अफसरों की मीटिंग में एक-दूसरे से सामंजस्य बनाकर कार्य करने की रणनीति बनाई गई। मीटिंग में राजस्व विभाग, एआरटीओ, खनन, आबकारी विभाग आदि के अफसर मौजूद रहे।