एटीएम में बैंक ने नहीं लगवाया सीसीटीवी कैमरा
- फोटो : amar ujala
एटा। छुट्टियों के दौरान जिले के एटीएम भी अवकाश पर रहते हैं। द्वितीय शनिवार के अवकाश के चलते बैंक बंद रहने के साथ एटीएम भी ठप रहे। शहर में ज्यादातर एटीएम बंद मिले, वहीं जो खुले उनमें कैश नहीं था। इस दौरान पैसे निकालने पहुंचे लोगों को एटीएम से बैरंग ही वापस लौटना पड़ा।
शनिवार को कचहरी रोड पर लगे ज्यादातर बैंकों के एटीएम बंद ही मिले, तो वहीं जीटी रोड पर कुछ बैंकों के एटीएम रूम पर शटर गिरा हुआ था। रुपये निकालने पहुंचे उपभोक्ताओं को एटीएम बंद मिलने पर मायूस होकर वापस लौटना पड़ा। शहर में कुछ जगह लगे एटीएम खुले मिले तो उपभोक्ता पैसे निकालने पहुंचे मगर उनमें कैश ही नहीं था।
उपभोक्ता किरन कुमार बताते हैं कि शहर में एटीएम की स्थिति ज्यादातर खराब ही रहती है। एटीएम सेवा पूरी तरह से कामयाब नही है। शनिवार-रविवार को ज्यादातर परेशानी होती है। शहर के आईडीबीआई, पंजाब नेशनल बैंक, एचडीएफसी, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक के एटीएम लोगों के लिए परेशानी का सबब बने। धन निकासी नहीं होने पर लोगों ने आक्रोश जताया।