मथुरा। हाईवे पर लूट की वारदात होने से पहले वृंदावन कोतवाली एवं स्वाट टीम ने सात बदमाशों को दबोच लिया। इनसे हथियार एवं कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार 20 जून को कथावाचक के अपहरण में भी इन्हीं बदमाशों का हाथ था।
बदमाशों की आझई के जंगलों में होने की सूचना पर पहुंची स्वाट टीम व वृंदावन कोतवाली ने सात अंतरजनपदीय बदमाशों को दबोच लिया। इस दौरान एसएसपी स्वप्निल ममगाई ने प्रेसवार्ता कर बताया कि स्वाट टीम प्रभारी हरवेंद्र मिश्रा एवं कोतवाली पुलिस ने गांव आझई से चौमुहां निवासी हरिओम, श्याम, कन्हैया, सीताराम, नरेश उर्फ चैचू, गांव दलौता निवासी रविंद्र उर्फ रजनी, विक्रम उर्फ मंगी को पकड़ा है। इनके कब्जे एक राइफल, एक बंदूक, पांच तमंचे, 49 कारतूस 315 व 12 बोर के बरामद हुए हैं। इन बदमाशों पर लूट, अपहरण, हत्या, डकैती एवं जानलेवा हमले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। एसएसपी पांच हजार रुपये का इनाम दिया है। वार्ता में एसपी सिटी श्रवण कुमार सिंह, एसपी क्राइम राजेश सोनकर, सीओ सदर विजय शंकर मिश्रा मौजूद रहे।
लूट की कई वारदातों में शामिल रहा है हरिओम गैंग
हरिओम गैंग जनपद में लूट की कई वारदातों में शामिल रहा है। पुलिस ने 2015 में इस गैंग को रजिस्टर्ड किया था। उस वक्त इस गैंग में 7 सदस्य थे। पुलिस का कहना है कि हरिओम के बारे में दूसरे थानों से भी जानकारी की जा रही है।