गंगा के जलस्तर में हो रही वृद्धि का दवाब मेहोल बांध नहीं झेल पाया। बांध में तेजी से कटान होने लगा। ऐसी स्थिति को देखते हुए प्रशासन और ग्रामीण सभी सतर्क हो गए हैं। बांध में काफी कटान हो जाने के कारण ग्रामीण काफी चिंतित हैं। प्रशासन को भी ग्रामीणों ने सूचना दे दी है। रात्रि के समय मरम्मत का काम न हो पाने के कारण बांध के कटने का खतरा पैदा हो गया है।
मेहोल बांध में एक सप्ताह पहले भी कटान हो गया था। सिंचाई विभाग ने जिसकी मरम्मत कराके कटान रोक दिया था। अब दूसरे स्थान पर कटान तेजी से हो रहा है। बांध की काफी मिट्टी गंगा के पानी ने काट दी है। अब कुछ हिस्सा ही शेष बचा है।
यदि आपातकालीन प्रबंध रात्रि के समय में नहीं हुए तो ग्रामीण रात्रि के समय में बांध के कट जाने की आशंका जता रहे हैं। तहसील प्रशासन ने मामले की जानकारी सिंचाई विभाग को दी है। ग्रामीणों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। बांध के कट जाने से आस पास के आधा दर्जन गांव के लिए बेहद खतरे के हालात हैं। हालांकि ग्रामीण सतर्क हैं। जिलाधिकारी आरपी सिंह का कहना है कि सिंचाई विभाग को तत्काल बांध की मरम्मत कराने के निर्देश दिए हैं जिससे कटान का रोका जा सके।