मैनपुरी। जीएसटी के विरोध में बुधवार को भी कपड़ा व्यापारियों ने धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने बाजार पूरी तरह बंद रखा। व्यापारियों ने शाम को रैली निकालकर विरोध जताया। इस दौरान बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद थे।
बुधवार देर शाम शुरू हुई व्यापारियोें की रैली घंटाघर चौराहा, लेनगंज, डाकखाना होती हुई संता बंसता चौराहे पर पहुंची। वहां कपड़ा बाजार में पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान अध्यक्ष अक्षय जैन ने जीएसटी की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नई कर प्रणाली व्यापारियों के हित को ध्यान में रखकर नहीं बनाई गई है। इससे व्यापारियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे काफी वस्तुएं महंगी हो जाएगी। कई वस्तुआें पर पहले टैक्स कम था। जीएसटी में आने से वह चीजें भी महंगी हो जाएगी।
कई व्यापारियों ने जीएसटी को लेकर फैली भ्रांति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नई कर प्रणाली में बहुत सी बातों को छुपा कर रख गया है। इस मौके पर नीलेश जैन, अनुज अग्रवाल, संतोष भारद्वाज, दिनेश कुमार, आयुष जैन, संजय चौहान, मोनू, आशु, प्रशांत, अभिनय आदि मौजूद रहे।
कपड़ा बाजार को हुआ 20 लाख का नुकसान
व्यापारियों के जीएसटी पर विरोध के कारण कपड़ा बाजार को लगभग 20 लाख रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। व्यापारियों के अनुसार प्रतिदिन 10 लाख रुपये का कारोबार होता है।