मथुरा। श्री ब्रजयात्रा सेवा संस्थान के प्रतिनिधि मंडल ने मथुरा को तीर्थ स्थल घोषित करने की मांग मुख्यमंत्री से की है। प्रतिनिधि मंडल लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री से मिला था। ब्रज के विकास को लेकर एकत्रित किए गए ब्रजवासियों के सुझावों का ज्ञापन भी सौंपा है।
प्रतिनिधि मंडल ने उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा से भी मुलाकात की। उन्हें भी 24 सूत्रीय मांग पत्र दिया है। इसमें मुख्य रूप से ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा के विकास के साथ इस संपूर्ण क्षेत्र को तीर्थ स्थल घोषित करने की मांग शामिल है। इसमें वे सभी वन, उपवन, कुंड, ताल, कुएं, पोखरे, तालाब शामिल हैं, जो श्रीकृष्ण-राधा की लीलाओं से जुड़े हैं।
इसके अलावा यमुना में गिरते नालों पर रोक, शुद्ध पानी उपलब्ध कराने, ब्रज लोक संस्कृति को बचाने और गो संरक्षण की भी मांग की गई। प्रतिनिधि मंडल में ब्रजयात्रा सेवा संस्थान के अध्यक्ष नरेंद्र एम चतुर्वेदी, राष्ट्रीय संयोजक अनुपम गौतम एडवोकेट, सीपी शर्मा, कृष्ण मुरारी दीक्षित, डॉ मोहिनी शर्मा, अंजु शर्मा, पूनम शर्मा, दीपक शर्मा आदि शामिल रहे।