टूंडला (फिरोजाबाद)। कानपुर रेलखंड पर जसवंतनगर रेलवे स्टेशन के समीप ओएचई तारों में शताब्दी एक्सप्रेस का पेंटो उलझ कर टूट गया। इसके चलते यह ट्रेन करीब एक घंटे मेन ट्रैक पर खड़ी रही। इस कारण कई ट्रेनें प्रभावित रही। रेल यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
लखनऊ से नई दिल्ली जाने वाले वाली शताब्दी एक्सप्रेस जसबंतनगर रेलवे स्टेशन के समीप पहुंची थी। तभी अचानक इंजन का पैंटो ओएचई तारों में उलझ कर टूट गया। चालक द्वारा इसकी जानकारी स्टेशन मास्टर जसबंत नगर को दी गई।
पैंटो टूट जाने की सूचना पर रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। शिकोहाबाद से टीम को आनन फानन में मौके लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंची टीम ने ओएचई लाइन के साथ ही पैंटो को ठीक किया। इसके चलते करीब एक घंटे तक शताब्दी एक्सप्रेस मैन लाइन पर खड़ी रही। मैन लाइन शताब्दी खड़ी होने के कारण सियालदाह अजमेर और बनारस ओखा एक्सप्रेस सहित दर्जनों ट्रेनों को यथास्थान पर ही रोक दिया गया।