फिरोजाबाद। जिले के 99 पेट्रोल पंपों पर चली घटतौली की जांच में एक में चिप लगी होने पर यूनिट को सील कर दी। साथ ही पंप के मैनेजर एवं मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, सात पंप संचालकों को घटतौली होने के कारण बांट-माप विभाग ने नोटिस जारी किए हैं। डीएसओ ने कहा कि चिप की लैब से जांच नहीं होने तक यूनिट की सील नहीं खोली जा सकेगी।
एसटीएफ टीम द्वारा लखनऊ में पेट्रोल पंप की मशीन में चिप लगाकर घटतौली का मामला उजागर होने के बाद ही पूरे प्रदेश में पेट्रोल पंपों की जांच के आदेश दिए थे। डीएम नेहा शर्मा के निर्देशन में जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर जांच का काम कंपनियों के सेल्स आफीसर और इंजीनियरों की टीम व एसडीएम, बांट-माप विभाग एवं पूर्ति विभाग की टीम के द्वारा सघन जांच की गई। स्टेशन रोड स्थित फिरोजाबाद फ्यूल सर्विस की एक यूनिट के संदिग्ध मिलने पर दो दिन तक जांच चली थी। प्रशासन की टीम ने यूनिट को सील ही करने के साथ रिपोर्ट शासन को भेज दी थी।
शासन से मिले निर्देश पर पूर्ति निरीक्षक ऋषिपाल यादव ने पेट्रोल पंप के ही प्रबंधक व मालिक के खिलाफ थाना दक्षिण में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिला पूर्ति अधिकारी केपी मिश्रा ने बताया कि जिले की 99 पेट्रोल पंपों की जांच की गई। इसमें एक पंप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। चिप की लैब में जांच होने तक यूनिट सील रहेगी। बांट माप निरीक्षक विजय कुमार ने कहा कि अमरदीप फ्यूल पचवान, शंकरपुर किसान सेवा केंद्र फतेहाबाद रोड शंकरपुर,बांके बिहारी फिलिंग स्टेशन टूंडला के यहां पर घटतौली मिली।
रजावली चौराहा स्थित राजतिलक फिलिंग स्टेशन पर पांच किलोग्राम का मापन व टापा खुर्द में स्थित एपी फिलिंग स्टेशन की मशीन का सत्यापन नहीं था। शिकोहाबाद में अरांव रोड स्थित राज फिलिंग स्टेशन के ही साथ एक अन्य में घटतौली पकड़े जाने पर नोटिस दिया है।