शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। नीम खेरिया पर चल रहे रेल कारीडोर के कार्य के दौरान एक मजदूर का पैर फिसल गया। इससे वह ग्राइंडर मशीन की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौत हो गई। बाद में मजदूरों ने मुआवजे की मांग को लेकर चार घंटे तक शव नहीं उठने दिया। ठेकेदार के 10 लाख रुपये का चेक देने के आश्वासन के बाद ही शव उठने दिया।
रेल कारीडोर के कार्य में औरेया जनपद के मजदूर कार्य कर रहे हैं। सोमवार रात दो बजे के करीब अखिलेश कुमार (35) निवासी मीठापुर जसवंत नगर औरैया ग्राइंडर मशीन पर कार्य कर रहा था। इसी बीच उसका पैर फिसल गया और मशीन की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इसके बाद साथी मजदूरों ने काम बंद कर दिया। इस दौरान ठेकेदार और अन्य जिम्मेदार कर्मचारी भाग खड़े हुए। आक्रोशित मजदूरों ने मुआवजे की मांग शुरू कर दी। सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने लगी। इस पर मजदूरों ने मुआवजे की मांग को नारेबाजी करते हुए शव नहीं उठने दिया।
बाद में पुलिस ने ठेकेदार को बुलाया। ठेकेदार के दस लाख रुपये की आर्थिक सहायता परिवारीजनों को देने का आश्वासन के बाद ही शव उठने दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया रेलवे के काम के दौरान एक मजदूर की मशीन में आने से मौत हो गई थी। दोनों पक्षों में समझौता के बाद शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।