भोगांव। विकासखंड सुल्तानगंज की ग्राम पंचायत आलीपुर खेडा में 81 फर्जी वोटरों की शिकायत ग्रामीणों ने एसडीएम से की है। एसडीएम ने तहसीलदार और बीएलओ को जांच करने के निर्देश दिए हैं।
आलीपुर खेडा के वार्ड संख्या पांच में एक ऐसा घर है। जहां क्रम संख्या 2103 से 2124 तक और वार्ड संख्या आठ में क्रम संख्या 3365 से 3425 तक जिन मतदाताओं के नाम दर्ज हैं। उनके दोनों वार्डों में न तो मकान हैं और न ही आलीपुर खेड़ा में रहते हैं। यह मतदाता गांव दलपतिपुर के रहने वाले हैं। इनके वोट ग्राम दलपतिपुर में वार्ड संख्या नौ और 10 में भी दर्ज हैं। ग्रामवासी शशि राजपूत, कृष्णा प्रजापति, पिंटू कठेरिया, आशीष शाक्य, शिवचरन राजपूत, दीपक शंखवार, राजू जाटव, राजपाल कठेरिया ने एसडीएम से जांच कराने की मांग की है। एसडीएम संध्या शर्मा ने तहसीलदार और बीएलओ को जांच करके कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
विधानसभा में किया मतदान, ग्राम पंचायत में वोट नहीं
भोगांंव। तहसील क्षेत्र के गगरवाला के 25 मतदाताओं ने विधानसभा चुनाव में मतदान करने के बाद ग्राम पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में शामिल नहीं करने का बीएलओ पर आरोप लगाया है। एसडीएम से की गई शिकायत के बाद एसडीएम ने तहसीलदार और लेखपाल को जांचकर कार्रवाई के आदेश दिए हैं। शिकायत में कहा है कि उनके गांव में तैनात बीएलओ पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची में पुनरीक्षण कार्य कर रहे हैं।
गांव के कई मतदाता विधानसभा चुनाव में मतदान कर अपना प्रतिनिधि भी चुन चुके हैं। बीएलओ को अपने उम्र, शैक्षिक प्रमाण पत्र, राशन कार्ड सहित प्रमाण पत्र भी दिखा चुके हैं। इसके बाद भी बीएलओ उनके नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं कर रहे हैं। ग्रामीणों से अभद्रता भी करते हैं। ग्रामीणों ने बीएलओ की शिकायत एसडीएम सहित डीएम से की है। एसडीएम संध्या शर्मा ने तहसीलदार और क्षेत्रीय लेखपाल को मामले की जांच गांव में जाकर करने और मतदाताओं की समस्या दूर करने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम ने स्वयं गांव पहुंचकर समस्या की जानकारी लेने का आश्वासन दिया ह्रै। यदुनाथ सिंह, गुड्डी देवी, रामशरण, हरिशरण, दामिनी देवी, विनोद ,सुमित कुमार, सुशील कुमार, साक्षी देवी, प्रदीप कुमार मौजूद रहे।