आगरा। ताज ट्रेपेजियम जोन (टीटीजेड) में 80 सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम (एमएसएमई) इकाइयों को शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है। टीटीजेड की प्री-बोर्ड बैठक में इन इकाइयों को मंजूरी देने पर सहमति बनी है।
इन 80 इकाइयों को अब केंद्रीय अधिकार प्राप्त (सीईसी) और नेशनल एनवायरनमेंट इंजीनियरिंग रिसर्च इंस्टीट्यूट (नीरी) की जांच के लिए भेजा जाएगा। टीटीजेड चेयरमैन व मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप, एडीए उपाध्यक्ष एम अरुन्मोली, आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद सहित टीटीजेड में शामिल जिलों के उद्योग महाप्रबंधक, सभी जिलों के क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण की बैठक हुई।
इस बैठक में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर 410 एमएसएमई इकाइयों के लंबित आवेदनों पर चर्चा की गई। आगरा में कुल 208 इकाइयां चिह्नित की गई थीं। जिला उद्योग केंद्र महाप्रबंधक शैलेंद्र सिंह ने मंडलायुक्त को सर्वे रिपोर्ट सौंपी। इस रिपोर्ट के अनुसार, 80 इकाइयां मानकों पर खरी उतरी हैं। वहीं बाकी 128 इकाइयों की स्थापना या विस्तार करने से उद्यमियों ने फिलहाल अपने हाथ खींच लिए हैं।
अब सीईसी और नीरी विशेषज्ञ इन मंजूर 80 इकाइयों की सर्वे रिपोर्ट का अध्ययन करेंगे। अंतिम निर्णय टीटीजेड बोर्ड की बैठक में लिया जाएगा, जिसमें तीनों समितियों के विशेषज्ञ शामिल होंगे।टीटीजेड के सदस्य विजय गुप्ता ने बताया कि बोर्ड से पास होने के बाद स्थापना एवं विस्तार के लिए तैयार इकाइयों के आवेदनों पर अंतिम मुहर लगेगी।