वृंदावन (मथुरा)। कामदा एकादशी पर राधावल्लभ मंदिर में गुलाब डोल के बीच विराजमान आराध्य ने भक्तों को दर्शन दिए। गुलाब के फूलों के शृंगार के बीच गुलाबी पोशाक धारण किए ठा. राधावल्लभ की मनमोहक छवि को भक्त अपलक निहार रहे थे।
मंदिर प्रांगण को गुलाबी घटा के रूप में सजाया गया। दर्शनों का क्रम करीब चार घंटे तक जारी रहा। रात को शयनभोग की आरती के बाद मंदिर के पट बंद हुए। इस दौरान समूचा मंदिर राधावल्लभ के जयकारों से गूंज उठा। राकेश मुखिया द्वारा प्रस्तुत की गई समाज गायन का भी भक्तों ने जमकर आनंद लिया। सेवायत नीरज गोस्वामी, चंचल गोस्वामी, चंदन गोस्वामी, छोटू आदि ने व्यवस्थाएं संभालीं।