कोसीकलां (मथुरा)। स्क्रैप के गोदाम में लूट की घटना के समय गोदाम के बाहर ही पुलिसकर्मी मौजूद थे। पुलिस गोदाम के सामने खड़ी थी और बदमाश पीछे से गोदाम में हाथ साफ कर रहे थे। हैरानी की बात यह थी कि बदमाशों के आवागमन पर भी तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें टोका तक नहीं। ऐसे में पुलिसकर्मियों पर ही सवाल उठने लगे हैं। उधर पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ईदगाह मोड़ के समीप गणेश आयरन एंड स्टील के गोदाम पर बदमाशों ने मुनीम को बंधक बनाकर दस लाख रुपये का स्क्रैप ट्रक में भरकर ले गए थे। बदमाश गोदाम के सीसीटीवी कैमरों को भी उखाड़कर साथ ले गए। लेकिन आसपास की दुकानों के सीसीटीवी कैमरों में जो सच सामने आया वह हैरान करने वाला है।
सीसीटीवी फुटेज में पता चला कि घटना के वक्त पुलिस की एक जीप गोदाम के सामने राजमार्ग पर खड़ी थी। जबकि चोर पीछे से गोदाम में चोरी कर रहे थे। यही नहीं पुलिस के सामने ही उनके वाहनों एवं बदमाशों की आवाजाही भी हुई। रात को दो बजे घटना के वक्त ही बाइक सवार पुलिसकर्मियों के पास आकर बात करते भी नजर आए। लेकिन पुलिसकर्मियों ने संदिग्ध वाहनों की आवाजाही को लेकर उन्होंने कोई हरकत नहीं की। सीसीटीवी कैमरे दूर होने के कारण वाहनों के नंबर एवं लोगों का चेहरा स्पष्ट नहीं दिख रहा है।
उधर, गोदाम संचालक मुरारी लाल अग्रवाल की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। उधर मामले को लेकर थाना प्रभारी रामपाल भाटी ने कहा कि मुकदमा दर्ज लिया गया है। जल्द बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होंगे।