मैनपुरी। कालिंदी एक्सप्रेस से आ रहे औरैया निवासी मजदूर की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि युवक भिवानी से घर लौट रहा था। ट्रेन में भीड़ के चलते धक्का मुक्की के दौरान हादसा हुआ। जनपद औरैया के थाना एरवाकटरा क्षेत्र के गांव बाऊखेड़ा निवासी महेश चंद्र जाटव भिवानी में रह कर मजदूरी का काम करता था। शुक्रवार को वह कालिंदी एक्सप्रेस ट्रेन से घर के लिए चला था। शनिवार की सुबह करीब चार बजे ट्रेन जब कोतवाली क्षेत्र में भांवत चौराहा के पास रेलवे क्रासिंग पर धीमी हुई, तभी धक्का मुक्की के दौरान महेश ट्रैक पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
साथ आ रहीं कन्नौज निवासी महिला सुमन ने जब रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद तलाश की तो मजदूर कहीं नहीं मिला। कुछ देर बाद उसे जानकारी हुई कि महेश घायल अवस्था में क्रासिंग के पास पड़ा हुआ है। घायल को जिला अस्पताल लाया गया। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सूचना मिलने के बाद युवक के परिजन भी मैनपुरी पहुंच गए।