फिरोजाबाद/शिकोहाबाद/जसराना। शिव नाडर फाउंडेशन द्वारा विद्याज्ञान परीक्षा जिले के तीन केंद्रों पर हुई। दो पालियों में आयोजित परीक्षा में छात्र संख्या काफी कम रही। पंजीकृत 4201 परीक्षार्थियों में से 1718 परीक्षार्थी ही शामिल रहे। जबकि 2483 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। पहली बार प्रतियोगी परीक्षा में शामिल हुए छात्र-छात्राएं पेपर देखकर परेशान हो गए।
एमजी बालिका इंटर कालेज में परीक्षा का आयोजन किया गया। पहली पाली में पंजीकृत 990 परीक्षार्थियों में से 368 बालिकाएं परीक्षाएं देनी आईं। दूसरी पाली में 246 परीक्षार्थी उपस्थित हुए।
शिकोहाबाद के पाली इंटर कॉलेज में पहली पाली में 632 पंजीकृत परीक्षार्थियों से 250 दूसरी पाली में 651 में से 271 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। जसराना के एलआर इंटर कॉलेज में पहली पाली में 478 में से 202 ने दूसरी पाली में 460 में से 246 ने परीक्षा दी।
विद्या ज्ञान परीक्षा के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने रुचि नहीं दिखाई। कालेज में परीक्षा संपन्न कराने के लिए एबीएसए ने अपने प्रतिनिधि के रूप में एबीआरसी एवं एनपीआरसी की ड्यूटी लगा दी। जबकि हर बार एबीएसए स्वयं मौजूद रहते हैं। इधर, विद्या ज्ञान परीक्षा का प्रचार-प्रसार न किए जाने के चलते इस पंजीकृत संख्या के आधे परीक्षार्थी भी उपस्थित नहीं हुए।