वृंदावन (मथुरा)। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में सोमवार शाम को सुरक्षा व्यवस्था चरमरा गई। सुरक्षा में तैनात निजी सुरक्षाकर्मियों ने वेतन मांग को लेकर हड़ताल कर दी।
बांकेबिहारी मंदिर में सोमवार को दानपात्र की भेंट गिनने का कार्य चल रहा था। लेकिन शाम को मंदिर खुलने के समय सुरक्षाकर्मी अपनी नियत ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। जिससे मंदिर में अफरातफरी जैसे हालात हो गए। श्रद्धालु सभी प्रवेश और निकास द्वारों से आवाजाही कर रहे थे। जिससे मंदिर की व्यवस्था और सुरक्षा दोनों ही सवालों के घेरे में आ गई।
व्यवस्था ठप होने की वजह मंदिर की सुरक्षा में तैनात प्राइवेट सिक्योरिटी कंपनी जीएस-4 के कर्मचारियों द्वारा की गई हड़ताल रही। उन्होंने वेतन वृद्धि की मांग को लेकर कंपनी प्रबंधन से चल रही बातचीत के बाद हड़ताल करने का निर्णय लिया था। अचानक की गई हड़ताल के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई।
वहीं, मंदिर प्रबंधन इस बारे में कुछ भी कहने से बच रहा है। इस संबंध में बांकेबिहारी मंदिर में तैनात सुरक्षाकर्मियों के इंचार्ज पोहप सिंह ने कहा कि दो माह का वेतन का चेक नहीं मिला है। कहा कि कि हड़ताल नहीं की गई है। सिर्फ काम बंद कर धरना दिया गया है।