कासगंज। सिढ़पुरा की मासूम के हत्यारों की तलाश पुलिस ने तेज कर दी है। कस्बे के मुख्य चौराहों और मोहल्ले के समीप लगे सीसीटीवी कैमरों से हत्यारों तक पहुंचने का पुलिस द्वारा प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने सभी सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं।
बुधवार की रात कस्बा सिढ़पुरा की मासूम की हत्या कर हत्यारे उसका शव करतला के नाले में फेंक गए थे। 6 वर्षीय मासूम की हत्या के बाद कस्बे में तनाव जैसे हालात थे। दर्दनाक घटना से हर कोई दुखी था। पुलिस की तीन टीमें और एसपी, एएसपी, सीओ पटियाली हत्यारों तक पहुंचने के लिए दिन रात मेहनत कर रहे हैं। पुलिस ने अब कस्बे के सीसीटीवी कैमरों का सहारा भी लिया है।
मृतका के घर के कुछ ही दूरी पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इसके अलावा अन्य कैमरे भी देखे जा रहे हैं। शाम से लेकर देर रात तक कौन कौन उस इलाके से गुजरे और उस मोहल्ले के बाद कौन लोग कस्बे से बाहर गए उन सब की तलाश की जा रही है। पुलिस ने कुछ हद तक सफलता भी पाई है। समीप के जिला एटा और बदायूं पुलिस का भी सहारा लिया जा रहा है।
पुलिस की टीमें संदिग्धों की तलाश में दूसरे जिलों में भी गईं हैं। थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि सभी टीमें हत्यारों की तलाश में जुटी हुईं हैं। सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं। कुछ हद तक सफलता मिल रही है। शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
ढांढस बंधाने वालों का लगा है तांता
सिढ़पुरा। मृतका के परिजनों को ढांढस बधाने वाले लोगों का तांता लग रहा है। लोग इस दर्दनाक घटना की निंदा कर रहे हैं। लोगों की जुबां पर हत्यारों के खिलाफ आक्रोश है और गिरफ्तारी की मांग उठ रही है।