फिरोजाबाद/जसराना/टूंडला। टूंडला एवं जसराना में ब्लाक प्रमुख पद के लिए मतदान आज सुबह 11 से 3 बजे तक कड़ी सुरक्षा मेें होगा। यहां सपा और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर है। वहीं नारखी ब्लाक में महावीर सिंह बघेल का एक नामांकन होने से उनका निर्विरोध चुनना तय है।
ब्लाक प्रमुख चुनाव के लिए टूंडला एवं जसराना में आज चुनाव होगा। नारखी में एक मात्र भाजपा समर्थित महावीर सिंह बघेल का नामांकन होने के कारण यहां निर्विरोध चुनना तय है। जसराना ब्लाक प्रमुख पद के लिए भाजपा समर्थित कमला देवी और सपा समर्थित दिलीप यादव के बीच कांटे का मुकाबला है। मतदान के लिए आयोग ने स्थान बदल करएलआर इंटर कालेज कर दिया है। मतदान के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
एसएसपी सचिंद्र पटेल ने एसपी ग्रामीण महेंद्र सिंह, सीओ जसराना के साथ पुलिस बल तैनात किया है। टूंडला ब्लाक प्रमुख पद के लिए भंवर सिंह, वर्षा देवी एवं ललिता देवी चुनाव मैदान में है। भंवर सिंह का समर्थन भाजपा नेता कर रहे हैं जबकि वर्षादेवी का समर्थन सपा नेता कर रहे हैं। एक पद के लिए तीन नामांकन होने से चुनाव रोचक हो गया है। शुक्रवार को नाम वापसी के दौरान उम्मीद थी कि शायद एक नामांकन वापस होगा, लेकिन दोपहर तीन बजे तक कोई नाम वापस नहीं हुआ। टूंडला ब्लाक में 11 से 3 बजे तक मतदान होगा। मतदान के बाद मतगणना के साथ परिणाम घोषित किया जाएगा। एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह, सीओ टूंडला संजय वर्मा सहित भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया है।
ब्लाक प्रमुख उपचुनाव के लिए नामांकन करने वाले तीनों प्रत्याशियों में से किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया। शुक्रवार सुबह नौ बजे से एआरओ देवेन्द्र पाल सिंह शाम तीन बजे तक नाम वापसी का इंतजार करते रहे। परंतु तीनों प्रत्याशियों में से किसी ने नाम वापस नहीं लिया। इसमें एक को भाजपा तो एक को सपा समर्थित माना जा रहा है। शनिवार सुबह नौ बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो जाएगी जो दोपहर तीन बजे तक चलेगी। सीओ संजय वर्मा ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की व्यवस्था कर ली है। टूंडला, पचोखरा और नगला सिंघी पुलिस के अलावा अतिरिक्त पुलिस बल मतदान केंद्र पर तैनात रहेगा। इसके अलावा मतदान केन्द्र के दोनों ओर मोबाइल पुलिस भी मौजूद रहेगी।