मथुरा। धार्मिक आयोजनों के उद्देश्यों से गठित की गई बाल रामलीला कमेटी की जमीन पर कुछ लोगों ने फर्जी दस्तावेज लगाकर लोन ले लिया है। कमेटी को पता भी तब चला जब बैंक ने लोन का नोटिस चस्पा किया। कमेटी के लोगों ने एसएसपी से मिलकर गुहार लगाई है।
बाल रामलीला कमेटी द्वारा कुसुम वाटिका के समीप रामलीला प्रदर्शन के लिए 490 वर्ग गज जमीन पर सात कमरे तथा एक मंदिर का निर्माण कराया गया। जिसका बैनामा भी पदाधिकारियों ने 2011 में 19 अक्तूबर को कराया था।
विगत चार अगस्त को बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा होली गेट के प्रबंधक द्वारा रामलीला प्रदर्शन स्थल पर नोटिस चस्पा कराया गया। बताया गया कि जमीन पर 52 लाख का लोन लिया गया है। कमेटी के सभापति मदन मोहन अग्रवाल, योगेश उपाध्याय, नरेंद्र प्रताप सिंह, सौरभ खंडेलवाल ने बताया कि उनकी भूमि के फोटो लगाकर फर्जी तरीके से कुछ लोगों ने ऋण ले लिया है। एसएसपी से मुलाकात कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।