कोसीकलां (मथुरा)। प्राथमिक विद्यालयों में सरकार चाहे लाख प्रयास कर ले, लेकिन विभाग ने बच्चों, शिक्षकों की सुविधा के लिए कोई इंतजाम नहीं हैं। कक्षाओं तक पहुंचने के लिए बच्चों को परिसर में भरे गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा हैं। पिछले 15 दिन से नगला परसादी में जलभराव होने से स्कूल खुला ही नहीं है। जिससे बच्चों का शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है।
पिछले दिनों हुई बरसात से स्कूल में पानी भर गया है। स्कूल में कई वर्षों से ये नजारा आम हो गया है। घर से ड्रेस पहनकर स्कूल आने वाले बच्चों को इसी पानी से होकर गुजरना पड़ता है। इससे उनकी ड्रेस खराब हो जाती है। कई बार तो बच्चे फिसलकर गिर जाते हैं, उनकी किताबें भी भीग जाती हैं। विद्यालय परिसर में घुटनों तक पानी भरा हुआ है।
कुछ लोगों ने वहां कूड़ा डालना भी शुरू कर दिया है। इससे वहां बैठना दूभर हो रहा है। इस समस्या से प्रधानाध्यापक कई बार विभाग को अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।