फिरोजाबाद। 220 केवी की आगरा और मैनपुरी से आने वाली लाइने गुरुवार दोपहर अचानक ट्रिप हो गईं। इसके चलते फिरोजाबाद और टूंडला क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। 220 केवी लाइन ट्रिप होने से विद्युत टीमें पेट्रोलिंग करते शाम तक दौड़ती रहीं।
आसफाबाद में 220 केवी विद्युत उपंस्थान है। जनपद में विद्युत आपूर्ति के लिए 220 केवी की एक लाइन मैनपुरी से आसफाबाद उपसंस्थान तक आती है। जबकि दूसरी 220 केवी लाइन आगरा से आई है। दोपहर एक बजकर 20 मिनट पर अचानक दोनो लाइनें ट्रिप हो गईं। इससे फिरोजाबाद शहर, फिरोजाबाद ग्रामीण डिवीजन का पूरा क्षेत्र और टूंडला ग्रामीण क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। 220 केवी लाइनें ट्रिप होने की सूचना पर विद्युत विभाग में हड़कंप मच गया। पेट्रोलिंग के लिए विद्युत टीमें दौड़ाई गईं।
लाइन में फाल्ट दूर करने के बाद दोपहर दो बजकर 43 मिनट पर आगरा से आसफाबाद तक आने वाली लाइन चालू हुई। आगरा की 220 केवी लाइन चालू होने पर विद्युत आपूर्ति सुचारू हो सकी। इसके बाद दूसरी टीम को आसफाबाद से मैनपुरी वाली लाइन की पेट्रोलिंग के लिए भेजा गया।
ट्रांसमिशन के अधिशासी अभियंता वेद प्रकाश ने बताया कि आगरा की लाइन दोपहर में दो बजकर 43 मिनट पर चालू हुई। मैनपुरी वाली करीब 75 किमी लाइन की पेट्रोलिंग के लिए टीम भेजी गई है। फाल्ट दूर होने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल होगी।