मथुरा। ट्रेनों में लूटपाट और चोरी की वारदात करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को राजकीय रेलवे पुलिस ने प्लेटफार्म संख्या सात से सोमवार की रात गिरफ्तार कर लिया। जिनके कब्जे से 18 मोबाइल फोन, तीन चाकू और 7400 रुपये की नकदी बरामद हुई।
जीआरपी प्रभारी निरीक्षक गौरव सक्सेना उप निरीक्षक अनिल कुमार सिनसिनवार के साथ प्लेटफार्म संख्या सात पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान तीन युवक पुलिस को देख कर छिपने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। जिनके कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 18 मोबाइल फोन, एक एक चाकू व 7400 रुपये की नकदी बरामद हुई। उन्होंने अपने नाम रामकुमार निवासी खानपुरकलां शामली, हरिओम निवासी महरारा हाथरस व लालकृष्ण तिवारी निवासी विरमपुरा भरतपुर बताए।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पकड़े गए तीनों लोग दिल्ली से झांसी के बीच चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम दिया करते थे। इनके गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हैं। उनकी तलाश की जा रही है।