राया (मथुरा)। गांव भरऊ में तिहरे हत्याकांड में पुलिस के हाथ महत्वपूर्ण सुराग लगे हैं। पुलिस को शक है कि पूर्व प्रधान और चचेरे भाइयों की हत्या में परिवार के लोग शामिल हो सकते हैं। सादा वर्दी में गांव भरऊ में मुस्तैद पुलिसकर्मी ग्रामीणों की चुप्पी तुड़वाने में जुटे हुए हैं, जिससे की मामले की गुत्थी सुलझाई जा सके।
बता दें कि सोमवार रात पूर्व प्रधान सत्यप्रकाश उर्फ सत्तन, चचेरे भाई सुंदर और रिटायर्ड फौजी भंवर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। खून से लथपथ दो शव खेत पर मिले थे तो एक घर के दरवाजे केे बाहर चारपाई पर मिला था। मामले के खुलासे के लिए एसएसपी ने चार टीमें गठित की हैं। इसके अलावा कई तेज-तर्रार पुलिसकर्मी सादा वर्दी में गांव में लगा दिए हैं। पुलिस को शक है कि हत्या में घर का सदस्य शामिल हो सकता है। फिलहाल पुलिस पुख्ता साक्ष्य जुटाने में जुटी है।
यह हाथ लगते ही पुलिस मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करके खुलासा किया जाएगा।
17 बीघा जमीन की वसीयत में तो नहीं मारे गए तीनों
मृतक सुंदर सिंह पर 17 बीघा जमीन थी। दो शादियां होने के बाद भी पत्नियां छोड़कर चली गईं। पुलिस को जानकारी मिली है कि सुंदर ने यह जमीन किसी के नाम पर वसीयत कर दी है।
हत्या के पीछे यह कारण भी हो सकता है। चचेरे भाई और पूर्व प्रधान की हत्या कहीं सुंदर का सहयोग करने में तो नहीं हुई। फिलहाल पुलिस नए और पुराने एंगल खंगाल रही है। इस पर भी पुलिस की नजरें जमी हुई हैं कि ट्रिपल मर्डर के बाद कौन-कौन गांव से नदारद है।