रविवार को गांजे जैसे नशीले पदार्थ की एक घर में पुड़िया बनाते हुए दो बच्चों का विडियो वायरल हुआ था। इस विडियो के वायरल होने के बाद कोतवाली पुलिस हरकत में आई। सिटी मोहल्ला इलाके में विडियो की जांच पड़ताल करने के बाद नशीले पदार्थ का कारोबार करने वाले दो आरोपी महिला सहित गिरफ्तार किए। इनके पास से 6 किलो 135 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद हुआ है।
पुलिस अधीक्षक शिवहरि मीणा ने सोशल मीडिया के विडियो को संज्ञान लेते हुए रविवार की सायं कोतवाली पुलिस को कार्रवाई के निर्देश जारी किए। सीओ बीएस वीर कुमार एवं कोतवाली निरीक्षक अशोक कुमार सिंह पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के बाद सक्रिय हुए। कोतवाली पुलिस ने इस विडियो की शिनाख्त करते हुए नशे का कारोबार करने वाले कुनाल उर्फ डैनी निवासी मोहल्ला सिटी एवं महिला मंगोली निवासी मोहल्ला सिटी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से नशीला पदार्थ गांजा बरामद किया। पुलिस अधीक्षक शिवहरि मीणा ने कहा कि नशीले पदार्थ की बिक्री करने वाले लोगों को चिह्नित किया जाएगा। इसके अलावा अवैध शराब का कारोबार करने वाले भी चिह्नित होंगे। पूरे जिले में पुलिस ठोस कार्रवाई करेगी।