सौंख (मथुरा)। प्रशासनिक अधिकारियों की अनदेखी के चलते परेशान किसानों ने आपस में धनराशि एकत्रित कर फोडर रजबहा की सफाई शुरू कराई है। किसानों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि सिंचाई विभाग में कई बार शिकायत की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
ऐसे में गांव अड्डा के किसानों ने आपस में चंदा एकत्रित कर रजबहा की सफाई शुरू करा दी। पिछले सप्ताह गांव में विकास कार्यों को देखने पहुंचे मंडलायुक्त के राममोहन राव को गांव के राजकुमार चौधरी ने फोडर रजबहा की सफाई कराने के लिए ज्ञापन दिया था। मंडलायुक्त ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को रजबहा की सफाई कराने के निर्देश भी दिए थे,
लेकिन एक सप्ताह गुजरने के बाद भी अभी तक रजबहा की सफाई शुरू नहीं कराई है। अब गांव के किसान आपस में चंदा एकत्रित कर रजबहा की सफाई करा रहे हैं। राजकुमार चौधरी ने कहा है कि वे इस समस्या को लेकर डीएम को ज्ञापन सौंपेंगे। ग्रामीण भरत सिंह, नरेन्द्र सिंह, उदयवीर सिंह, प्रहलाद सिंह, धन सिंह, पप्पू, तूफानी सिंह, देवी सिंह, अर्जुन सिंह, गुपाल सिंह आदि ने समिति बना कर धनराशि एकत्रित की है और जेसीबी से रजबहा की सफाई शुरू करा दी है।