फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ क्षेत्र के गांव हिम्मतपुर में चार से पांच बदमाशों ने एक घर में धावा बोल दिया। बुजुर्ग को लाठी-डंडों से पीटा। लूटपाट कर बदमाश आसानी से फरार हो गए। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है।
गांव हिम्मतपुर निवासी आशुतोष शर्मा उर्फ मुन्नालाल (58) पुत्र भवानीशंकर शर्मा शनिवार की रात घर पर सोए हुए थे। उन्होंने बताया कि रात करीब 12.30 बजे चार-पांच बदमाश मकान की दीवार फलांगकर आ गए। उन्होंने आते ही मारपीट शुरू कर दी। उन्हें लाठी डंडों से पीटा गया। बदमाश घर में रखी करीब बीस हजार की नगदी के साथ अन्य घरेलू सामान लूट कर ले गए। बदमाशों के जाने के बाद उन्होंने शोर मचाया।
शोरगुल सुनकर ग्रामीणों ने तुरंत घटना की जानकारी डायल 100 पर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डायल 100 की गाड़ी रात में ही गांव में पहुंची। वह घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाए हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक रामगढ़ भानुप्रताप सिंह ने कहा कि मामला चोरी का है। चोरों के निकलने के दौरान बुुजुर्ग के जागने के कारण उसके साथ मारपीट कर दी। तहरीर के आधार पर मामले को दर्ज करके जांच की जा रही है।