टूंडला (फिरोजाबाद)। दिल्ली रेलखंड पर सोमवार सुबह कार्य कर रहे ट्रैकमैन राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। उसे उपचार के लिए ले जाया जाता उससे पूर्व ही उसकी मौत हो गई। राजकीय रेलवे पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए फिरोजाबाद भेजा है। मृतक रेलकर्मी की दो वर्ष पूर्व ही शादी हुई थी।
आगरा के थाना बरहन अंतर्गत गांव नगला जौहरी निवासी विष्णु कुमार (22) रेलवे में ट्रैकमैन के पद पर तैनात था। सोमवार सुबह पौने नौ बजे करीब उसकी ड्यूटी चमरौला रेलवे स्टेशन पर लगी थी। वह रेलट्रैक पर कार्य कर रहा था। इस बीच रांची से नई दिल्ली जा रही 12453 रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
रेलट्रैक पर कार्य कर रहे अन्य कर्मचारियों को जानकारी हुई तो उन्होंने तत्काल टूंडला नियंत्रण कक्ष को घटना की जानकारी दी। घायल रेलकर्मी को उपचार के लिए ले जाया जाता उससे पूर्व ही उसकी मौत हो गई। ट्रैकमैन की मौत की सूचना से परिवारीजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची राजकीय रेलवे पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए फिरोजाबाद भेजा है। साथी रेल कर्मचारियों के मुताबिक विष्णु की दो साल पूर्व ही शादी हुई है।
इसके अलावा सोमवार सुबह राजधानी की चपेट में आने से एक 45 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। महिला सुदामा देवी निवासी स्वामी नगर सुबह साढ़े सात बजे के करीब किसी ट्रेन से गिर गई। इसी दौरान तेज गति से आ रही राजधानी की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बच्चे दिल्ली में पढ़ते हैं।