एटा। जिले की ग्राम पंचायतों में शौचालय निर्माण में गबन करने के आरोपियों से डीपीआरओ ने जवाब मांगा है। शीतलपुर ब्लॉक के गांव नेहचलपुर लोया की प्रधान और पंचायत सचिव को नोटिस जारी किया गया है। मामले में 15 दिनों में दोनों को उपस्थित होकर जवाब देने को कहा गया है।
शीतलपुर की ग्राम पंचायत नेहचलपुर लोया में शौचालय निर्माण में गबन की शिकायत की गई थी। मामले में डीपीआरओ ने खंड प्रेरक सुषमा सिकरवार को जांच के निर्देश दिए थे। जांच में शौचालय निर्माण को भेजे गए धन के सापेक्ष 160 शौचालयों का निर्माण नहीं मिला। वहीं खाते से धन का आहरण किया गया था। जांच के बाद डीपीआरओ को रिपोर्ट सौंपी गई।
डीपीआरओ ने प्रधान लता देवी और सचिव अवधेश यादव को नोटिस देकर 15 दिन में जवाब मांगा है। उन्होंने कहा है कि 15 दिन में जवाब नहीं मिलने पर कड़ी कार्रवाई करते हुए प्रधान को निलंबित कर दिया जाएगा। डीपीआरओ ने मामले में प्रधान और सचिव को वित्तीय अनियमितता का दोषी माना है। डीपीआरओ धनंजय जायसवाल ने बताया कि मामले में नोटिस जारी किए गए हैं। जवाब मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
--------------
निलंबित प्रधान मिटा रहे साक्ष्य
शीतलपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत कासिमपुर बहादुरगढ़ में निलंबित प्रधान पर साक्ष्य मिटाने का आरोप लगा है। गांव के सर्वेंद्र सिंह ने डीएम को शिकायती पत्र सौंपकर कहा कि 12 दिसंबर को प्रधान सुनीता देवी को निलंबित कर दिया गया था लेकिन वे अधिकारियों से मिलीभगत कर गांव में विवादित शौचालयों का निर्माण कराकर साक्ष्य मिटा रही हैं। हालांकि प्रधान के सारे अधिकार सीज हो चुके हैं। इसके साथ ही गांव में अब तक तीन सदस्यीय कमेटी का गठन नहीं किया गया है। उन्होंने कार्य को रोकने और प्रधान को बर्खास्त कर कमेटी गठित करने की मांग की है।