कासगंज। अब ड्राईविंग लाइसेंस बनवाने के लिए उपसंभागीय परिवहन विभाग कार्यालय के बार बार चक्कर नहीं लगाने होंगे। लाइसेंस का शुल्क घर बैठे ही जमा हो सकेगा। 23 फरवरी से सॉफ्टवेयर बदलने का काम शुरू हो जाएगा।
ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए जमा होने वाला धन अब सीधे ऑनलाइन जमा होगा। इस धन को जमा करने के बाद आवेदक को बस अपना फोटो खिंचवाने के लिए ही विभाग के पास आना होगा। ऑनलाइन धन जमा करने की रसीद व अन्य प्रपत्र लेकर कार्यालय पहुंचना होगा।
कार्यालय पर इन प्रपत्रों को चेक करने के बाद फोटो खींचा जाएगा। इसके बाद लाइसेंस आवेदक के घर पहुंच जाएगा। इसके लिए विभाग ने सारथी नाम से सॉफ्टवेयर तैयार किया है। 23 फरवरी से सारथी सॉफ्टवेयर 40 वेब बेस्ड अप्लीकेशन के स्टॉलेशन का काम शुरू होगा। यह प्रक्रिया 28 फरवरी तक पूरी कर ली जाएगी।
अप्लीकेशन स्टॉलेशन की अवधि में कार्यालय से स्थायी लाइसेंस, नवीनीकरण, द्वितीय प्रति, फीस जमा करने की प्रकिया बंद रहेगी। इसके बाद विधिवत कार्य शुरू हो जाएगा। सॉफ्टवेयर स्टॉलेशन के बाद आवेदक घर बैठे ही लाइसेंस फीस जमा कर सकेगा।
- राजेश वर्मा, उप संभागीय परिवहन अधिकारी