मथुरा। श्रीराम जन्मभूमि न्यास ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास ने कहा कि यदि राममंदिर का निर्माण नहीं हुआ तो भाजपा का भविष्य उज्ज्वल नहीं है। हालांकि देश की जनता को विश्वास है कि मोदी और योगी सरकार मंदिर का निर्माण करा देगी। संतों की तरफ से भी पहल की जा रही है।
मंगलवार को जंक्शन रोड पर स्थित सीताराम आश्रम में पहुंचे महंत नृत्यगोपाल दास ने कहा कि राष्ट्र की जनता को विश्वास है कि मंदिर का निर्माण होगा। यदि मोदी और योगी सरकार में भी मंदिर नहीं बना तो फिर कब बनेगा। संत समाज भी इसके लिए पहल कर रहा है। न्यायालय से भी जल्द फैसला हो जाएगा। एक सवाल के जवाब में नृत्यगोपाल दास ने कहा कि चीन के उकसावे में पड़ोसी देश पाकिस्तान सैन्य कार्रवाई कर रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी बहुत गंभीर व्यक्ति हैं। वह इस उकसावे में आकर कोई भी उत्तेजित फैसला नहीं लेंगे, क्योंकि देश में अभी बहुत समस्याएं हैं। विकास कराया जाना है।
राममंदिर के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यदि राममंदिर निर्माण को सरकार गंभीरता से नहीं लेगी तो भाजपा का भविष्य उज्ज्वल नहीं रहेगा। सीताराम आश्रम पर महंत नृत्यगोपाल दास से मिलने के दौरान मेयर डा. मुकेश आर्य बंधु और अवधेश उपाध्याय समेत तमाम लोग मौजूद रहे।