राया (मथुरा)। मिशन इंद्रधनुष के तहत शनिवार को गांव कटैला में टीकाकरण को गई एएनएम के साथ स्वास्थ्य विभाग की आशा कार्यकर्ता एवं उसने परिजनों ने मारपीट कर डाली। आरोप है कि तीन घंटे तक बंधक भी बनाकर रखा। घटना के संबंध में थाना राया पुलिस को तहरीर दे दी है। इसे लेकर सभी एएनएम ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
राया की दयानंद कालोनी निवासी सोनिया सिंह स्वास्थ्य केंद्र राया पर एएनएम है। मिशन इंद्रधनुष के तहत टीकाकरण के लिए शनिवार को गांव कटैला गयी थीं। यहां आशा कार्यकत्री सुनंदा चौधरी के घर पहुंचकर अभियान में ंसहयोग मांगा। आरोप है कि सुनंदा ने टीकाकरण में सहयोग से मना करते हुए फर्जी रिपोर्ट तैयार करने को कहा। इस पर दोनों में विवाद हुआ। सोनिया सिंह का आरोप है कि सुनंद के पति और दो पुत्रियों ने मारपीट कर कमरे में बंद कर दिया। किसी तरह से सौ नंबर पर पुलिस को सूचना दी। ग्रामीण भी आ गए। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डा. विमल उपाध्याय थाना राया पहुंच गए। घटना के संबध्ंा में सोनिया ने तहरीर दे दी है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य संघ के महामंत्री डा. राहुल यादव ने कहा कि इस तरह की घटना चिंताजनक है। आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई न होने पर काली पट्टी बांध कर विरोध करेंगे। मात्रशिशु कल्याण महिला संघ की जिलाध्यक्ष प्रीती लता, मंत्री मीना शर्मा, प्रांतीय मंत्री मुन्नी सिंह, कुसुम लता, पुनीत शर्मा ने भी विरोध जताया है।