फिरोजाबाद। लंबित मांगों के समर्थन में दो माह से धरना-प्रदर्शन और क्रमिक अनशन पर बैठी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का धरना प्रदर्शन शुक्रवार को पंद्रह दिन के लिए स्थगित हो गया। इस दौरान महिला आंगनबाडी कर्मचारी संघ ने जिलाधिकारी को 12 सूत्री मांग पत्र देकर स्थानीय डीपीओ कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार समाप्त कराने की मांग की है।
डीएम की अनुपस्थिति में उनके कार्यालय में रिसीव कराए ज्ञापन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने पांच से पुष्टाहार ढुलाई क ी धनराशि जारी नहीं होने की जांच, पांच वर्ष से एक ही परियोजना पर डटी मुख्य सेविकाओं का स्थानांतरण, परियोजनाओं में तैनात कर्मचारियों के वेतन भुगतान का श्रोत, अरांव में तैनात आंगनबाड़ी कार्यक र्ताओं का मानदेय भुगतान नहीं होने की जांच के अतिरिक्त राशन कार्ड का सत्यापन, रैपिड सर्वे और पुनरीक्षण कार्य में करने वाली कार्यकर्ताओं को उनका भुगतान कराने की मांग की है।
वहीं गुरुवार को प्रांतीय नेतृत्व व शासन के मध्य हुई वार्ता और हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुसार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपना दो माह पुराना कार्य बहिष्कार व धरना प्रदर्शन शुक्रवार को पंद्रह दिन के लिए स्थगित करने की घोषणा की। आशमा कुलश्रेष्ठ, गीता सिंह, राधा सिंह, कल्पनादेवी, ममता, सुमनदेवी, आशा लता व सर्वेश कुमारी मौजूद थीं।