कुरावली (मैनपुरी)। उपकेंद्र की ओसीबी में आई खराबी के कारण कुरावली कस्बे में 28 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप है। रविवार की दोपहर से गुल हुई बत्ती सोमवार की शाम तक नहीं आई थी। इससे नगर में जलापूर्ति भी ठप हो गई। रात अंधेरे में गुजारने वाले लोग सुबह पानी को भी तरसे। उन्हें दिनभर पानी के लिए भटकना पड़ा।
कुरावली कस्बे में रविवार की दोपहर अचानक बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सोमवार की शाम तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से हाहाकार मचा हुआ है। रविवार को बिजली नहीं आने पर लोगों ने देर शाम जब बिजलीघर पर संपर्क किया गया तो कर्मचारियों ने शाम सात बजे, फिर रात के 12 बजे बिजली आने की बात कही गई।
जब रातभर बिजली नहीं आई तो कर्मचारियों ने बताया बिजलीघर की ओसीबी मशीन खराब हो गई है। उसे ठीक कराया जा रहा है। सोमवार की सुबह से लोग बिजली आने के बारे में जानकारी करते रहे मगर उनको कुछ पता नहीं चल सका। वहीं खबर लिखे जाने तक सोमवार की शाम सात बजे तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी।
वहीं बिजली के साथ ही लोगों को पानी के लिए भी जूझना पड़ा। इससे कारोबारी भी परेशान रहे। कस्बे के रहने वाले राजेंद्र, सुरेंद्र, सत्यराम, वीरपाल, दीपक, रामचंद्र, नरेंद्र, शैलेंद्र आदि का कहना है बिजली कर्मचारी मनमानी करते हैं। बिजली कटौती किए जाने का सही कारण नहीं बताते हैं, जिससे लोगों को परेशानी होती है।
रविवार की रात से बिजली आपूर्ति बाधित होने से सोमवार को पानी की टंकी से कस्बे में पेयजल आपूर्ति नहीं हो सकी। लोगों को हैंडपंपों से पानी भरकर लाना पड़ा।
मामले में अधीक्षण अभियंता उमेशचंद्र वर्मा का कहना है तकनीकी कमी दूर कराई जा रही है। खामी दुरुस्त होते ही आपूर्ति चालू करा दी जाएगी।