मैनपुरी/बेवर। चुनाव से एक दिन पूर्व शनिवार को प्रशासन ने शक्ति प्रदर्शन कर जनता को निर्भीक होकर मतदान करने का संदेश दिया। थाना कोतवाली व बेवर क्षेत्र में पुलिस ने सीआरपीएफ के जवानों व पीएसी के साथ पैदल मार्च किया। इस दौरान मार्ग में पड़ने वाले पोलिंग बूथों का भी निरीक्षण किया गया।
शहर कोतवाली से पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों ने बस स्टैंड, क्रिश्चियन तिराहा, तांगा स्टैंड, आगरा रोड, बड़ा चौराहा, घंटाघर चौराहा आदि प्रमुख स्थानों से पैदल मार्च किया। इस दौरान अतिक्रमण को भी हटवाया गया।
पैदल मार्च में एसडीएम सदर अमित सिंह, सीओ सिटी राकेश पांडेय सीआरपीएफ व पुलिस कर्मी शामिल रहे। अफसरों ने लोगों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा के प्रति आश्वास्त करते हुए निर्भीक होकर मतदान किए जाने की बात कही।
कहा कि यदि कोई दबाव बनाता है तो इसकी जानकारी अधिकारियों या थाना पुलिस को दें। तत्काल कार्रवाई की जाएगी। वहीं थाना बेवर क्षेत्र में पीएसी के जवानों तथा थाना पुलिस प्रमुख मार्गों पर पैदल मार्च किया।
क्षेत्रीय लोगों से बातचीत कर समस्या आदि के बारे में जानकारी ली। मार्ग में पड़ने वाले पोलिंग बूथों का भी निरीक्षण किया। थाना प्रभारी श्याम सिंह पीलवान ने बताया चुनाव में गड़बड़ी फैलाने वाले अराजक तत्वों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।