एटा। नगर निकाय चुनाव को लेकर शनिवार को अधूरी तैयारियों के साथ नामांकन शुरू हो गया। पहले दिन जिले की नौ निकायों के अध्यक्ष पदों के लिए 62 और सदस्य पदों के 224 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। प्रथम दिन निधौलीकलां और अवागढ़ नगर पंचायत के लिए कोई नामांकन पत्र नहीं बिका।
नगर निकाय चुनाव को लेकर कई दिनों से चल रही तैयारियों के बीच शनिवार से नामांकन का आगाज हो गया। इस दौरान सदर तहसील को छावनी में तब्दील कर दिया गया। कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर देरी हुई।
सदस्य पदों के नामांकन पत्र डेढ़ घंटे बाद नामांकन कक्ष में पहुंचे। इस दौरान कई दावेदार नामांकन पत्रों को खरीदने के लिए भटकते रहे। वहीं तहसील परिसर में दोपहर बाद तक बैरीकेटिंग लगाने का काम चलता रहा। इसके साथ ही शनिवार को अवकाश के चलते तहसील में भीड़ नजर नहीं आई।
एटा तहसील में बिके अध्यक्ष के 35 नामांकन
तहसील सदर में नगर पालिका एटा के अध्यक्ष पद के 11 और सदस्य पदों के 103, मारहरा नगर पालिका में अध्यक्ष पद के दो और सदस्य पद के चार, सकीट नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के 22 और सदस्य पद को कोई नामांकन पत्र नहीं बिक सका।
वहीं पहले दिन निधौलीकलां नगर पंचायत का खाता नहीं खुल सका। डीएम अमित किशोर, एसएसपी अखिलेश चौरसिया, एडीएम न्यायिक राम अरज यादव ने तहसील पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसडीएम ब्रजेश कुमार सिंह, डायट प्राचार्य मनोज गिरि, एक्सईएन नलकूप लक्ष्मण सिंह, सीवीओ डा. कपूर सिंह समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे।
जलेसर में बिके दो पर्चे, अवागढ़ रहा खाली
जलेसर। निकाय चुनाव को लेकर जलेसर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद पर दो एवं सभासद पर के लिए 66 नामांकन पत्र बिके। वहीं अवागढ नगर पंचायत अध्यक्ष एवं सभासद के लिये एक भी नामांकन पत्र नहीं बिके। नामांकन प्रक्रिया के प्रथम दिन जलेसर पालिका परिषद अध्यक्ष हेतु पूर्व पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह हैप्पी ने दो नामांकन खरीदे।
वहीं सभासद पर हेतु एक से पांच तक के वार्डों के लिये 19, वहीं 6-10 तक के लिए 15 एवं 11 से 15 के लिए 12, एवं 16 से 20 तक 11 एवं 21 से 25 वार्डों के लिए 9 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। उपजिलाधिकारी / चुनाव अधिकारी विजय कुमार, अवागढ नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के चुनाव अधिकारी / अपर उपजिलाधिकारी रामदत्त राम ने बताया कि पहले दिन नामांकन शांतिपूर्ण रहा।
ट्रांसजेंडर ने खरीदा नामांकन पत्र
जलेसर तहसील में ट्रांसजेंडर ने भी नामांकन पत्र खरीदा गया। इस मौके पर बबली यादव ने वार्ड 17 से चुनाव लड़ने के लिए नामांकन पत्र खरीदा।
अलीगंज में हुई बंपर बिक्री
अलीगंज। तहसील में नगर पालिका परिषद अलीगंज के अध्यक्ष पद के लिए 6 नामांकन तथा सभासद पदो के लिए 33 नामांकन पत्र खरीदे गए। वही जैथरा में अध्यक्ष पद पर 11 सदस्य के 10 तथा राजा का रामपुर के अध्यक्ष पद के 8 तथा सदस्य के 7 नामांकन पत्र खरीदे गए।
इस मौके पर एसडीएम महेन्द्र सिंह तंवर, एक्सईएन जल निगम एएस भाटी, अधिशासी अभियन्ता सिंचाई अजय कुमार भारती की निगरानी में नामांकन पत्र प्रत्याशियो ने लिए।