फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर क्षेत्र स्थित एक चूड़ी गोदाम में अज्ञात कारणों से लगी आग से लाखों रुपये का सामान स्वाहा हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं गोदाम मालिक ने दस से 12 लाख का नुकसान होने की बात कही है।
थाना रसूलपुर क्षेत्र के अंतर्गत सैयद वाली रोड पर स्थित एक चूड़ी गोदाम में गुरुवार की रात अचानक आग लग गई। गोदाम बंद होने के कारण आग अंदर सुलगती रही, जिसकी तत्काल किसी को जानकारी भी नहीं हो सकी। आग लगने से गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर स्वाहा हो गया।
नजदीक के लोगों से सुबह करीब पांच बजे गोदाम से धुआं उठता देख मालिक उदयवीर राठौर पुत्र रामसरन निवासी हिमांयूपुर थाना दक्षिण को गोदाम में आग लगने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे गोदाम मालिक ने फायर बिग्रेड को सूचना दी। घटना स्थल पर पहुंची फायर बिग्रेड की टीम ने गोदाम का शटर तोड़कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गोदाम के भीतर रखा अधिकांश सामान जल चुका था।
गोदाम मालिक उदयवीर के अनुसार गुरुवार को देर शाम वह ठीकठाक तरीके से गोदाम बंद कर गए थे। उन्होंने आग लगने से गोदाम में दस से बारह लाख का नुकसान होने का अनुमान लगाया है। आग लगने के कारणों पर उन्होंने अनभिज्ञता जताई।