फिरोजाबाद/खैरगढ़। थाना खैरगढ़ के नगला भवानी में बिजली करंट से एक ग्रामीण की मौत हो गई। जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। परिवारीजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव घर वापस ले गए।
थाना खैरगढ़ क्षेत्र के गांव नगला भवानी निवासी हुकुम सिंह (40) पुत्र रामबाबू दिवाली के मौके पर खंबे पर चढ़कर लाइट सही कर रहा था। इसी दौरान उसको करंट लगा और वह नीचे गिर गया। जानकारी होते ही परिवारीजन तत्काल उसे उपचार के लिए फिरोजाबाद जिला अस्पताल लाए।
यहां पर चिकित्सकों ने हुकुम सिंह को मृत घोषित कर दिया। परिवारीजन बिना पीएम कराए शव घर ले गए। दूसरी घटना शेखपुरा की है। शेखपुरा निवासी प्रेमवीर (24) पुत्र दिनेश कुमार खेत की रखवाली के लिए आस-पास कांटे लगा रहा था। कांटों को लगाने के दौरान एक ऊपर बिजली के तार से टकरा गया इस कारण उसे करंट लग गया। परिवारीजन उपचार के लिए अस्पताल ले गए। उसकी हालत ठीक है।