मैनपुरी। जीएसटी के चलते दिवाली पर रोशनी के बाजार की चमक धीमी हो गई है। बाजार की बिक्री में पिछले साल की अपेक्षा 30 प्रतिशत तक गिरावट का अनुमान दुकानदार मान रहे हैं।
रोशनी के बाजार पर भी जीएसटी का असर देखने को मिल रहा है। दिवाली पर घरों में सजावट के लिए प्रयोग की जाने वाली झालरों पर 12 से 18 प्रतिशत तक जीएसटी लगाया गया है। इससे झालरों की कीमतों में इजाफा हुआ है। झालरें महंगी होने से लोग बाजार में खरीदारी करने के लिए कम संख्या में पहुंच रहे हैं। ग्राहकों की संख्या कम होने के कारण दुकानदार इस बार त्योहारी सीजन में मायूस नजर आ रहे हैं।
विज्ञापन
दुकानदार अनिल अग्रवाल कहते हैं झालरों पर इस बार जीएसटी लगाया गया है। दिवाली पर घरों की सजावट के लिए लोगों की पहली पसंद झालरें रहती हैं। चीन में बनी झालरों पर 18 प्रतिशत तक जीएसटी लगा दी गई है। सादा झालरों पर 12 प्रतिशत तक टैक्स लगाया गया है। इस बार लोग कम संख्या में झालरें खरीद रहे हैं।
दुकानदार टोनी खान कहते हैं कि जीएसटी के बाद बाजार में ग्राहकों की संख्या कम हुई है। त्योहारी सीजन पर पिछले साल जहां बाजार गुलजार रहता था। वहीं इस बार बाजार में ग्राहक आ ही नहीं रहा है। खरीदारी को आने वाले ग्राहक भी आधी ही खरीदारी कर रहे हैं। ग्राहकों की संख्या मिट्टी के दीपकों की दुकानों पर अधिक नजर आ रही है।