मैनपुरी। अब पीआरडी के जवान किसी और के नाम का बिल्ला नहीं लगा सकेंगे। ऐसा पाए जाने कर जवानों की सदस्यता जीवनभर के लिए समाप्त कर दी जाएगी। इसके लिए विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है।
बता दें कि विभाग को पिछले कई महीनों से गलत बिल्ला लगाने की शिकायत मिल रही थी। पीआरडी के जवान उ.प्र.पी. नाम के बिल्ले का प्रयोग कर रहे हैं, जो कि फर्जी है। जबकि ये जवान पीआरडी प्रांतीय रक्षक दल व पीवीडी प्रादेशिक विकास दल के बिल्ले का प्रयोग कर सकते हैं।
जवानों के गलत दुष्प्रचार से विभाग ने तत्काल कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। पीआरडी के जवान गलत बिल्ले लगाए मिलते हैं, तो उस जवान की सदस्यता समाप्त कर दी जाएगी।
प्रत्येक जिले में पीआरडी जवानों की भर्ती के लिए एक विभाग बनाया गया है। जहां जिले के किसी गांव का व्यक्ति जो पात्रता को पूरा करता हो। विभाग में जाकर दल में शामिल हो सकता है। इसमें 20 फीसदी लड़कियों के लिए पद आरक्षित होते हैं। इसके बाद इन जवानों को मांग के आधार पर ड्यूटी पर भेजा जाता है। ड्यूटी के दौरान इन जवानों को 250 रुपये प्रतिदिन की दर से मानदेय मिलता है।
जिले में वर्तमान में 361 जवान कार्यरत हैं। इसमें से 298 जवान सक्रिय रहकर कार्य कर रहे हैं। वहीं वर्तमान में 56 जवान ड्यूटी पर मौजूद हैं।