मथुरा। झेलम एक्सप्रेस के एसएलआर कोच (लगेज कोच) का गेट जाम हो जाने पर सीआरपीएफ के जवानों ने ट्रेन नहीं चलने दी। सूचना पर पहुंचे कैरिज एंड वैगन के इंजीनियरों ने एसएलआर का गेट खोला तब जाकर ट्रेन रवाना हुई।
अमरनाथ यात्रियों की सुरक्षा में ड्यूटी कर दो दर्जन से अधिक सीआरपीएफ जवान जम्मूतवी से पुणे जा रही झेलम एक्सप्रेस से मथुरा आए थे। जवानों का ट्रेन के एसएलआर कोच में सामान रखा था। ट्रेन शनिवार दोपहर को 12:40 बजे मथुरा जंक्शन पहुंची। जवानों ने जब एसएलआर का गेट खोला तो नहीं खुला। इस पर जवानों ने गार्ड से कहकर ट्रेन को रुकवा दिया। गार्ड की सूचना पर कैरिज एंड वैगन के इंजीनियर पहुंचे और गेट को खोला। जवानों द्वारा सामान उतारने के बाद ट्रेन 13 मिनट की देरी से आगरा रवाना हुई।