राया (मथुरा)। पशु व्यापारी से 1.30 लाख रुपये लूटने की घटना फर्जी निकली। सीसीटीवी कैमरा ने व्यापारी के झूठ का खुलासा कर दिया। उसने लूट का नाटक दूसरे व्यापारी के रुपये हड़पने के लिए रचा गया था। मंगलवार को उसने व्यापारी के रुपये पुलिस की मौजूदगी में लौटा दिए।
राया के व्यापारी मोहल्ला निवासी अजीम ने सोमवार की रात 100 नंबर पर फोन कर सूचना दी थी कि अपाचे बाइक पर सवार बदमाशों ने उससे 1.30 लाख रुपये लूट लिए हैं। पुलिस ने घटनास्थल के पास डॉ. राजेश अग्रवाल के सीसीटीवी कैमरा के फुटेज खंगाले। सीसीटीवी फुटेज में ऐसी कोई घटना उस समय नहीं दिखाई दी।
पुलिस की पूछताछ में अजीम ने लूट की घटना फर्जी होना कबूला। थाना प्रभारी प्रमोद पवार ने बताया कि अजीम दूसरे पशु व्यापारी के यहां काम करता है। उसके रुपये सोमवार की शाम अलीगढ़ से लेकर आया था। वह व्यापारी के रुपयों को हड़पना चाहता था। मंगलवार की सुबह अजीम ने पशु व्यापारी को रुपये वापस कर दिए। पुलिस ने भविष्य में ऐसी घटना न दोहराने की हिदायत देकर छोड़ दिया।