फिरोजाबाद। देश में जीएसटी लागू होते ही आमजन के लिए खाना पकाना महंगा हो गया। रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 31.62 रुपया तक बढ़ गई। वहीं, सब्सिडी की धनराशि को घटा दिया गया है।
एक जुलाई से जीएसटी के लागू होने के कारण पहले दिन रसोई गैस की आपूर्ति करने वाली अधिकांश कंपनियां सिलेंडर की आपूर्ति नहीं की थी। यही कारण रहा कि दो जुलाई को अधिकांश एजेंसियों पर कतारें लगी थीं। सिलेंडर लेकर हॉकर जब घर पहुंचे तो गृहणियां चौंक गई। पर्ची देखते ही बोलीं ऐसा जीएसटी किस काम का कि महंगाई बढ़ा दी। टमाटर के साथ अन्य सामान व सब्जियां तो पहले से महंगी हो गई हैं।
देवनगर निवासी शशि सक्सेना का कहना है कि जीएसटी से खातों में आने वाली सब्सिडी की धनराशि 18.11 रुपया कम हो गई। वहीं, सिलेंडर 13.51 रुपया महंगा हो गया।
पूजा सिंह का कहना है कि रसोई गैस का सिलेंडर पिछले माह तक 576 रुपया का आता था और बैंक एकाउंट में सब्सिडी की धनराशि 124.65 रुपया आ रही थी। दो जुलाई को 589.51 का सिलेंडर मिला है।
मोहल्ला छपैटी निवासी अम्बरवती ने कहा जीएसटी के माध्यम से रसोई पर दोहरी मार है। इससे तो महंगाई और बढ़ जाएगी। डीजल-पेट्रोल जीएसटी से बाहर रखा है तो रसोई गैस पर जीएसटी क्यों..।