एटा। दो स्थानों पर हुए सड़क हादसों में महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई। देहात क्षेत्र के विरामपुर के पास वाहन की चपेट में आने से युवक की और शहर के जनता दुर्गा मंदिर समीप ट्रक की जद में आने से महिला की जान चली गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव बिरामपुर के समीप एक 28 वर्षीय युवक पैदल शनिवार देर शाम जा रहा था। तभी अज्ञात वाहन ने उसे चपेट में ले लिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव की शनाख्त के प्रयास किए लेकिन पहचान नहीं हो सकी। थाना कोतवाली देहात प्रभारी ने बताया कि शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा हैै।
वहीं थाना पिलुआ क्षेत्र के गांव बरा निवासी सुषमा (40) पत्नी सुखवीर पैदल कोतवाली नगर क्षेत्र के जीटी रोड जनता दुर्गा मंदिर समीप से गुजर रही थी। तभी तेज गति से आ रहे ट्रक ने उन्हें अपनी जद में ले लिया। महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर, थाना मलावन क्षेत्र के आसपुर समीप ट्रैक्टर और रोडवेज बस में टक्कर हो गई। हादसे में ट्रैैक्टर सवार संजय पुत्र रामवीर, संजू पुत्र राजेंद्र, ओमवीर पुत्र ज्ञानपाल, सूरजपाल निवासी नगला प्रताप थाना बागवाला और सतेंद्र पुत्र रामभरोसेे निवासी कुंदनपुर थाना बागवाला घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।