भोगांव (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र के भोगांव-छाछा मार्ग पर सोमवार देर रात हुए हादसे में कुरावली निवासी सोनू सिंह (28) की मौत हो गई। कुरावली निवासी युवक भोगांव में एक शादी समारोह में भाग लेकर घर लौट रहा था। हादसे में कार में सवार दो साथी भी गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए सैफई और आगरा रेफर किया गया।
थाना कुरावली क्षेत्र के मोहल्ला कौआटोला निवासी सोनू सिंह सोमवार शाम साथी राहुल के साथ कार से थाना भोगांव में रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में सम्मिलित होने गए थे। उनके साथ कार का चालक दीपक भी थी। रात करीब 2:30 बजे तीनों घर लौट रहे थे तभी थाना क्षेत्र के भोगांव-छाछा मार्ग पर सामने से आ रहा ट्रक उनकी कार से टकरा गया।
हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल राहुल और दीपक को अस्पताल में भर्ती कराया। सोनू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जिला अस्पताल से राहुल को आगरा और दीपक को सैफई रेफर किया गया है। घटना की रिपोर्ट मृतक के पिता वीरेंद्र सिंह ने थाने में दर्ज कराई है।