थाना क्षेत्र के नवीगंज क्षेत्र में मिठाई की दुकान पर गांव के दो युवकों ने दुकानदार से शराब पीने के लिए रुपये मांगे। दुकानदार द्वारा मना करने पर मारपीट करते हुए उसकी गोलक से दो हजार रुपये तथा उसमें रखे मोबाइल को लूट लिया। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए भाग गए।
शिवम कुमार निवासी भड़ौसी थाना ठठिया जिला कन्नौज ने थाना बेवर में तहरीर दी है। कहा है वह अपने रिश्तेदार नवीगंज निवासी ओमकार सिंह के यहां रहकर गांव में मिठाई की दुकान पर काम करता है। 12 जून की शाम सात बजे नवीगंज निवासी मंजीत, अजीत उसकी दुकान पर आए। शराब पीने के लिए पांच सौ रुपये मांगे। जब उसने रुपये देने से मना किया तो गाली गलौज करते हुए मारपीट की। उसकी गोलक में रखे 2000 रुपये और मोबाइल लूट लिया।
जब उसने विरोध किया तो गाली-गलौज करते हुए भाग गए। दुकान मालिक ओमकार के साथ जब वह उनके घर अपने रुपये और मोबाइल लेने गए तो घर में मिले मंजीत, अजीत तथा रजत ने लाठी-डंडों से मारपीट की। जिससे दोनों को गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी है। थानाध्यक्ष का कहना है तहरीर के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अगर जांच में लूट का आरोप सच होगा तो लूट की ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।