चौमुंहा (मथुरा)। चौमुंहा में दिनदहाड़े सरे बाजार किसान की गोलियों से भूनकर हत्या के मामले में तीन नामजद और तीन अज्ञातों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मृतक के भतीजे ने अपने साथियों संग हत्याकांड को अंजाम दिया। जैंत पुलिस ने हत्यारोपियों को पकड़ने को दबिश दी।
जैंत चौकी के गांव चौमुंहा निवासी देवीराम (65) पुत्र कारे सिंह की 10 मई की दोपहर पैठ बाजार में दिनदहाड़े गोलियों से हत्या कर दी थी। सिर, सीने और पेट में लगी चार गोलियों से सनसनी फैल गई। खून से लथपथ जमीन पर पड़े किसान को छोड़कर हत्यारोपी तमंचे लहराकर भाग खड़े हुए।
मृतक के बेटे अमर सिंह ने तहेरे भाई देवेंद्र उर्फ गेंदा पुत्र ज्ञासी, गोपाल पुत्र पूरन, गौरव पुत्र पूरन सिंह और तीन अज्ञातों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। जैंत चौकी प्रभारी सुल्तान सिंह ने बताया कि छह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की टीमें हत्यारोपियों को पकड़ने को दबिश दे रही हैं। रास्ते के विवाद के चलते किसान की गोलियां मारकर हत्या की गई है।