छाता (मथुरा)। लोकसभा चुनाव से पहले तस्करी की शराब का स्टाक किया जाना शुरू हो गया है। हरियाणा से तस्करी करके आगरा जा रही तस्करी की शराब का जखीरा छाता पुलिस ने पकड़ा है। 16 लाख रुपये की यह शराब हाईवा में भरी गिट्टियों में छुपाकर ले जाई जा रही थी।
लोकसभा चुनाव की डुगडुगी बजी नहीं है, पर शराब का जखीरा जुटने लगा है। रविवार को छाता पुलिस ने हाईवा की चेकिंग में गिट्टियां के बीच तस्करी की शराब की 200 पेटियां पकड़ी हैं। हरियाणा मार्का की यह शराब आगरा ले जाई जा रही थी। सीओ छाता जगदीश कालीरमण ने बताया कि छाता कोतवाली प्रभारी हरवेंद्र मिश्रा ने सोनू पुत्र कर्मवीर निवासी भरहडा, महम (रोहतक) को पकड़ा है। भागा हुआ सोनू पुत्र सुरेश निवासी राजीव चौक के पास गुरुग्राम (हरियाणा) है। हाईवा पर फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी। शराब की कीमत 16 लाख रुपये है।