फिरोजाबाद। आगरा में हाईकोर्ट की खंडपीठ की स्थापना किए जाने की मांग को लेकर बुधवार को बार एसोसिएशन ने न्यायालय में कामकाज ठप रखा।
अधिवक्ता बस से आगरा में प्रधानमंत्री की रैली में जाने को रवाना हुए। लेकिन कुबेरपुर के पास ही पुलिस फोर्स ने रोक लिया। अधिवक्ताओं ने मौके पर पहुंचे एसडीएम अंबरीश कुमार बिंद को ज्ञापन सौंपा।
बार अध्यक्ष जाहर सिंह यादव, महासचिव भरत सिंह यादव के नेतृत्व में एक दिवसीय हड़ताल रखने के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में जाने का फैसला लिया। इस दौरान अधिवक्ता बस से आगरा रैली में जाने के लिए तैयार हो गए।
यमुना एक्सप्रेसवे के पास कुबेरपुर पर पहुंचे तभी वहां तैनात पुलिस फोर्स ने अधिवक्ता की बस को रोक दिया। क्योंकि बस के आगे आगरा खंडपीठ की स्थापना किए जाने की मांग का बैनर लगाया हुआ था।
पुलिस के बस रोकने पर अधिवक्ताओं की नोकझोंक हो गई। आगरा के एसडीएम अम्बरीश कुमार बिंद मौके पर पहुंचे। अधिवक्ताओं ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।