कासगंज। सिकंदराराऊ मार्ग पर रोडवेज बस से कार के टकराने के बाद कार चालक ने अपने साथियों के साथ बस चालक को कार में डालकर अगवा करने की कोशिश की। इस दौरान आरोपियों ने बस में सवार सवारियों से मारपीट भी की गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में बस के परिचालक ने दो आरोपियों को नामजद करते हुए अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मथुरा डिपो की बस (यूपी 85 एजे9134) बरेली-मथुरा मार्ग पर संचालित है। बस चालक उदय सिंह बरेली से बस को लेकर मथुरा जा रहा था। मोहनपुरा के निकट बस से स्विफ्ट डिजायर गाड़ी रगड़ खा गई। इसके बाद कार चालक बलराम सिंह निवासी गोकुलपुर सिकंदराराऊ हाथरस ने ओवरटेक करके कार को बस के आगे लगा दिया और बस को रुकवा लिया। इसके बाद बलराम सिंह ने बस चालक उदय सिंह को कार में डाल लिया और ले जाने लगा। परिचालक विजय पाल ने बस में सवार अन्य लोगों की मदद से चालक उदय को छुड़ाया।
यहां दोनों पक्ष में समझौता हो गया। इसके बाद कार चालक मौके से चला गया और नगला डुकरिया के निकट बस के आने का इंतजार करने लगा। यहां पहुंचने पर उसने बाइक सवार अपने 10-11 साथियों के साथ बस में बैठी सवारियों के साथ मारपीट कर दी। इससे सवारियों में भगदड़ मच गई। सवारियां बस से कूदकर भाग निकली। मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने मौके से बलराम और उसके पुत्र ब्रजेश को मौके से गिरफ्तार कर लिया। इधर, पुलिस को आता देखकर अन्य लोग मौके से भाग गए। सूचना पर स्थानीय डिपो के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। बस परिचालक ने पुलिस को मामले की तहरीर दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले के दो आरोपी दबोच लिए गए हैं। उनके अन्य साथियों के बारे में पूछताछ की जा रही है।